औरत तेरी यही कहानी
बीरा के तीन बेटी थी। पति सभी आसपास के आदमियों के तरह बहुत दारू पीता था। थोड़ी सी ज़मीन थी वो भी बेच दी। पर अब बात यहा तक पहुँच गई थी की घर की सामान भी बेच देता था। कुछ कहने पर बीरा की इतनी पिटाई होती की वो अब चुप रहती, मज़दूरी कर किसी तरह सबके पेट भरती। बडी बेटी चौदह की हुई तो एक तीस साल का लड़का मिला उससे शादी कर दी।
एक दिन उसके घर में पति एक दूसरी औरत ले आया और बोला तू बहुत किट किट करती है। मन तो मेरा यही बहलाती है।
एक दिन खेत पर मज़दूरी करके वापस आई तो उसे पता चला उसकी दोनों छोटी बेटी कमरा बंद कर रो रही है। एक नौ साल की थी दूसरी ग्यारह की। दोनों का उसके पति और एक रिश्ते में बाबा लगने वाले ने दारू पी कर बलात्कार कर धमकी दी की किसी को बताना मत। वैसे वो पहले भी कर चुके थे अकेलियों का। पर आज पति की प्रेमिका के सामने दोनों का हुआ था।
बेटियों की बात सुन बीरा पूरी तरह टूट गई। वो एक महिलाओं के संघ समूह से जुड़ी थी। ये समूह एक निजी ज़मीनी स्वमसेवी संस्थान के बनाए हुए थे।
वो किसी को बताती या मदद लेती इससे पहले बात गाँव में फैल गई। दूसरे बलात्कारी का एक भाई उसी समाजिक संस्थान में ज़मीनी कार्यकर्ता था।
इसके बाद संस्थान ने दोनों बेटियों को माँ से अलग कर दिया। और बीरा की शादी दूसरी जगह करवा दी।
बीरा की परेशानी ख़त्म नही हुई। दूसरा पति उसके सामने अपने छोटे भाई की बीवी से संबंध बनाता। कहता तेरे से तो पैसे मिले इसलिए कर ली। कुछ दिन बाद देवर मर गया तो देवरानी घर ही रहने लगी। दोनों ने मार पीट कर बाहर निकाल दिया। भाईयों से पहले भी सहयोग नही था। दस साल से किसी तरह ख़ुद मज़दूरी कर अपना पेट भर रही है। भाइयों के घेर में एक कोना भी उसका नही है। दुत्कार हर किसी से मिलती है। बडी बेटी भी मामा के तिरस्कार की वजह से नही आती। एक बेटी एक नामी नेता ने ले ली और दूसरी संस्थान की एक कार्यकर्ता ने रख ली। माँ से दोनों को मिलने नही दिया जाता। दोनों हाली (बंधुआ) है।
उनकी कहानी उनकी माँ बीरा से क्या अलग होगी!
(ऐसे ढेरों क़िस्से जो चुप्पी तोड़ रहे है।)
बारह से तो बच के आ गई, तेरवे का क्या करती - धेई का लौंडा छाती पर लोटने को तैयार बैठा था!
(१२ दबंगों से तो बच गई; पति के मार पीट और बलात्कार से कैसे बचती! एक दलित विधवा अपनी आप बीती सुनाते हुई!!)
बेचारी, बेसहारा जब तक घर बैठ कर आँसू बहाती है। उठ कर बाहर निकल कर हक़ों के लिए लड़ने भिड़ने लगे तो बेहया, बेशर्म, बेइज़्ज़ती पर तुली हो जाती है!
औरत के लिए एक तरफ खाई है तो दूसरी तरफ कुँआ, उसे तय करना है कहा रहना है।
"अरे बोब्बो बेचारी की तो गत हो गई। जाकत करे, दो पूत दिए, सास ससुरा की सेवा करी, जंगल जाती सब सब्ज़ी घर करती पर करम फूटे है। उसका मालिक नौकर है दिल्ली में पर कुछ नही देता था घर में। अब दूसरी कर ली है। उससे कोर्ट मैरेज कर ली है। अब आता भी नही तीन साल हो गए।"
मालिक-नौकर का ऐसा प्रयोग किसी भाषा में नही मिलेगा!
सहारनपुर के मेरे चार महिने के गहन फिल्ड वर्क और आठ महिने की काउसलिंग के आधार पर जो देखा, सुना और महसूस किया, उस आधार पर कह सकती हूँ कि औरत अभी जगी नही है और उनके साथ जुर्म बढ़ते जा रहे है। जन्म से पहले से ज़िंदा रहने से शुरु हुआ संघर्ष उसकी हत्या, आत्महत्या या बीमारी से मौत से भी नही ख़त्म होता।
गर्भवती महिला को हॉस्पिटल न जाने देना, दवाई खा कर गर्भपात, किसी भी प्रकार के परिवार नियोजन का उपयोग न करना, लड़के के लिए आशा-डॉक्टर द्वारा सातवें महिने तक गर्भपात, छोटी सी रसौली होने पर डॉक्टर द्वारा बच्चेदानी निकलवाना।
पिता द्वारा बच्चियों का लैंगिक शोषण, बच्चियों को माँ से ज़बरन दूर कर प्रधान/एनजीओ द्वारा कही और भेज देना। बाल कल्याण समिति को बाइपास कर बच्चियों को स्थानीय ऐजेंसी को देना!
स्कूलों में लडकी-लड़कों को अलग कर देना, अलग ग्राउंड, क्लास में रखना, बात करने पर धमकाना मारना पीटना, साथ-साथ में कोई भी गतिविधि नही करवाना!
किशोरियों की पढ़ाई रोक देना, बाहर नही जाने देना, बाल मज़दूरी करवाना, ज़बरन बाल विवाह, प्रेम संबंध के बारे में पता चलने पर लडकी को धमकाना, मारना-पीटना; समलैंगिक किशोरियों को बाहर आने में जान से मरने का डर।
बच्चा या बेटा न होने पर प्रताड़ित करना, दूसरी औरत को ले आना, दूसरी औरत के आने पर पहली को बाहर निकाल देना, भाई के मरने के बाद भाभी के साथ रहने लगना और पत्नी को बाहर कर देना अगर आपत्ति करे, बहू के आने पर पत्नी को बाहर कर देना।
विवाहित महिलाओं के साथ घरेलू हिंसा -शराब पी कर या शराब पीने पर, नशा/ जुआ करने पर, पति के काम नही करने पर, औरत के किसी अन्य से सम्बन्ध हो इसको ले कर, मोबाइल पर पाबंदी, बाहर जाने पर पाबंधी, किसी ग़ैर पुरुष से बात करने पर, फोन में रिकॉर्डिंग करना फिर हर बात पर तंग करना, बाहर काम करने पर पाबंदी, क़र्ज़ा पत्नी के नाम ले कर फिर ख़ुद बर्बाद कर पत्नी से उतरवाना
बिना मर्ज़ी संबंध बनाना, नशे में गोली डाल पर संबंध बनाना, गलत तरीक़ों से संबंध बनाना, भाई/ दोस्तों से ज़बरन संबंध बनवाना
अन्य प्रदेश (बिहार, बंगाल, ऑडिसा) की महिलाओं के ख़रीद फ़रोख़्त, उसे बच्चा न हो तो बच्चेदानी का ज़बरन ऑपरेशन करवा लेना।
विधवा को संपत्ति का हिस्सा न देना, विधवा को गाँव से बाहर निकाल देना।
बुज़ुर्ग माँ को ख़र्चा नही देना, पेंशन नही बनवाना, पेंशन छीन लेना, माँ बाप को बाँट देना, रहने की जगह नही देना, माँ को घर से निकाल देना।
पर औरतें अभी पुलिस कचहरी में नही जाने को तैयार है! अभी परिवार से लोहा लेने को बेइज़्ज़ती समझती है। सहने को अपनी नियती समझती है! ये हिंसा का चक्रव्यूह तोड़ने की जरूरत है। ये सभी के प्रयासों से संभव है!
(मैने भ्रूण हत्या, कम ऊम्र में शादी हुई लडकियों की बच्चे के जन्म के समय मौत, दहेज हत्या, हॉनर किलिंग जैसे मसले नही लिखे क्योंकि ये इतने जगह ले लेते है की अन्य प्रकार की हिंसा रह जाती है पर वो भी उतनी ही महत्वपूर्ण है)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें